
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र की रविदास बस्ती में कथित तौर पर अवैध वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या के तीन मामलों सहित कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। उस पर छोटे दुकानदारों, ई-रिक्शा और टेंपो चालकों तथा ठेली-फड़ संचालकों से अवैध रूप से पैसे मांगने और विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने के आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को रविदास बस्ती निवासी देवनंद मंडल और आनंद कुमार ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि अमित कटारिया सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी हत्या के मामलों में शामिल होने की बात कहकर लोगों में भय का माहौल बनाता है और शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांगता है।
शिकायत के आधार पर कनखल कोतवाली में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम ने 26 अक्टूबर को आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को इससे पहले भी 14 और 24 अक्टूबर को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। जमानत पर छूटने के बाद दोबारा इसी तरह की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास गंभीर है। उसके खिलाफ हत्या के तीन, गैंगस्टर एक्ट का एक, अवैध वसूली के तीन, छेड़छाड़ के दो, एनडीपीएस एक्ट का एक, अवैध हथियारों के चार, गुंडा एक्ट के दो, शराब तस्करी के दो, लड़ाई-झगड़े व आगजनी के दो तथा धारा 110 जी के तहत दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल विशन चौहान और कांस्टेबल जितेंद्र राणा।





