
हरिद्वार। बहादराबाद थाना पुलिस ने मुस्तफाबाद के जंगल क्षेत्र में गौकशी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों को उनके घरों से हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 की रात उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ शांतरशाह चौकी पहुंचे। इसी दौरान चेतक-30 के कर्मचारियों को मुखबिर से सूचना मिली कि मुस्तफाबाद के जंगल क्षेत्र में गौकशी के मामले में वांछित दो आरोपी अपने घर पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर मेहरबान उर्फ चांदी और आजम को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेहरबान उर्फ चांदी (30) पुत्र हाकम और आजम (30) पुत्र असलम, निवासी ग्राम मुस्तफाबाद, थाना बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बहादराबाद में मुकदमा संख्या 239/26 के तहत गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3/5/11 में मामला दर्ज है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज, कांस्टेबल शाह आलम, कांस्टेबल चंदन चौहान और होमगार्ड कासिफ शामिल रहे।





