
हरिद्वार। बीएचईएल रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सलेमपुर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं ऑल इंडिया धनगर समाज महासंघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष मनोज धनगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के चरणों में नमन कर रिबन काटकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में ग्राम सलेमपुर के प्रधान प्रतिनिधि पप्पू सिंह पाटिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, आयोजक, पदाधिकारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मनोज धनगर ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी अमर रचना रामायण संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्श सत्य, ज्ञान, सदाचार, मानवता और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके विचारों को अपनाकर समाज में प्रेम, समानता, आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक आयोजन भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने के साथ समाज में एकता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देते हैं। महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा और सम्मान है।
मनोज धनगर ने आयोजनकर्ताओं द्वारा किए गए स्वागत और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। साथ ही ग्राम सलेमपुर सहित समस्त क्षेत्रवासियों को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।





