
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को 10.54 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम दुधियावन रोड स्थित बिजली घर के सामने बैडमिंटन रोड के सामने घाट के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक महिला घबराकर पीछे मुड़ी और तेजी से भागने लगी। शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया और महिला कांस्टेबल की मदद से उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 10.54 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा संख्या 611/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान, कांस्टेबल संदीप नेगी, लखन सिंह और महिला कांस्टेबल मुन्नी राणा शामिल रहे।





