
हरिद्वार/गैरसैंण। विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए सोमवार को भराड़ीसैंण (गैरसैंण) पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद में भव्य स्वागत किया गया। गौचर, कर्णप्रयाग और खेती सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
रुद्रप्रयाग जनपद में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं, चमोली जनपद में विधायक अनिल नौटियाल, विधायक भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री आदिबद्री में स्थानीय दुकानों पर भी पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों और बच्चों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा आत्मीय संवाद किया। विभिन्न स्थानों पर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने स्नेह और गर्मजोशी से किए गए स्वागत के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।





