
यात्री सुरक्षा को लेकर सख्ती, बसों की तकनीकी जांच और परमिट की शर्तों के उल्लंघन पर कार्रवाई
हरिद्वार, 26 अक्टूबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार में लग्जरी और स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष चेकिंग अभियान लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 35 चालान किए गए, जबकि तीन बसों को सीज किया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन भी मौजूद रहे। उन्होंने बसों की तकनीकी स्थिति का निरीक्षण किया।
पड़ोसी राज्यों में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं को देखते हुए परिवहन विभाग ने यात्री वाहनों की जांच तेज कर दी है। अभियान के दौरान बसों की फिटनेस, परमिट, आवश्यक दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। साथ ही बसों में किए गए अनधिकृत बदलावों और यात्री सुरक्षा से जुड़े उपकरणों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन और सुरक्षित संचालन को प्रभावित करने वाली कमियां पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग की ओर से बस संचालकों और चालकों को निर्देश दिए गए कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें।
विभाग ने बसों को संचालन से पहले उनकी तकनीकी स्थिति की जांच करने और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्री सुरक्षा सर्वोपरि है और लग्जरी व स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर चालान, वाहन सीज करने समेत अन्य नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





