
स्मैक के नशे की लत पूरी करने के लिए देता था चोरी की घटनाओं को अंजाम, पांच मुकदमों का हुआ खुलासा
बहादराबाद। हरिद्वार पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी की कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से पांच वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले सुनसान कच्चे रास्ते पर एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। मोटरसाइकिल के कागजात नहीं दिखा पाने पर पुलिस ने उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने मोटरसाइकिल आराध्या नर्सिंग होम बहादराबाद के पास से चोरी करना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक (27) पुत्र सुंदर लाल निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, हरिद्वार के रूप में हुई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी के वाहनों को वह गंगनहर किनारे जंगल में झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इस तरह कुल 10 मोटरसाइकिलें पुलिस के हाथ लगीं। जांच में पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित पाई गईं। जबकि पांच अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलों के स्वामित्व और चोरी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में भी पिरान कलियर और भगवानपुर थानों में वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। अन्य पांच मोटरसाइकिलों को धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत कब्जे में लेकर सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विकास रावत, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, पंकज बिष्ट, विक्रम सिंह और अवनेश राणा शामिल रहे।





