
वायरल वीडियो से हुई आरोपी की पहचान, लाइसेंसी रिवॉल्वर पुलिस ने कब्जे में लिया
हरिद्वार। दीपावली के अवसर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। मामले का संज्ञान लेते हुए मंगलौर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति रिवॉल्वर से हर्ष फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान ग्राम निजामपुर निवासी वैभव सैनी पुत्र यशपाल सिंह के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान वैभव के पिता यशपाल सिंह ने भी वीडियो में उनके पुत्र के लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग करने की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी वैभव सैनी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 538/2026, धारा 3/30 आयुध अधिनियम, 1959 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने संबंधित लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उत्सव या किसी अन्य अवसर पर असलहों से हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





