
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई, जानलेवा हमले के मामले में थे वांछित
हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत झबरेड़ा पुलिस ने जान से मारने की नीयत से मारपीट करने के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक सरिया और लाठी-डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को ग्राम खजूरी निवासी सुमित पुत्र सुभाष ने कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर देकर बताया था कि उनके चाचा मंगता के साथ इरफान सहित सात लोगों ने घर में घुसकर पलकटी, लाठी-डंडों और सरिये से जानलेवा हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 210/26 दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी नौशाद पुत्र इरफान और मुनीर पुत्र आबाद, निवासी ग्राम खजूरी, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक सरिये की रॉड और एक लाठी-डंडा बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन कुमार, अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार और कांस्टेबल गजेन्द्र सिंह शामिल रहे।





