
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर से देहरादून लौटते समय हरिद्वार-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए गड्ढामुक्त अभियान के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की।
मुख्यमंत्री ने देवप्रयाग में सुलभ शौचालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां स्वच्छता व्यवस्था और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेशवासियों और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़कों को बेहतर और सुरक्षित बनाने के साथ ही स्वच्छता एवं जनसुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।





