33 योजनाओं का लोकार्पण, 34 का शिलान्यास; स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और शिक्षा से जुड़ी नौ नई घोषणाएं

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में जनपद को 284 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 105.30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 33 विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जबकि 178.76 करोड़ रुपये की लागत के 34 कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने जनपद के विकास के लिए नौ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की स्वरोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक वितरित किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं मजबूत होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश भ्रमण के बाद क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के प्रति आकर्षण बढ़ा है। इससे स्थानीय होमस्टे, परिवहन, हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन व्यवसायों से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।
750 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित हो रहा मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे सीमांत क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़-बांस-आंवलाघाट सड़क एवं पुल निर्माण से गंगोलीहाट की दूरी कम होगी और हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना आसान होगा। नैनीसैनी हवाई अड्डे को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी, हल्द्वानी, दिल्ली और देहरादून तक हवाई संपर्क को बढ़ावा दिया जा रहा है।
युवाओं और महिलाओं के लिए योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार, राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी सहित विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और दंगा विरोधी कानून सहित राज्य सरकार के विभिन्न निर्णयों का भी उल्लेख किया। साथ ही सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने सीमांत सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इससे मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से गुंजी और आदि कैलाश की यात्रा सुगम हुई है। उन्होंने क्षेत्र में धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया।
पिथौरागढ़ के लिए मुख्यमंत्री की नौ प्रमुख घोषणाएं
1. नैनीसैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण।
2. कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्य।
3. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करना।
4. अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र मवानी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उच्चीकृत करना।
5. मूनाकोट के रियांसी में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को स्वीकृति।
6. अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य।
7. ज्याला मंदिर, छाना पाण्डेय में सीसी मार्ग का निर्माण।
8. ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण।
9. चण्डाक-छेड़ा दिगतोली सड़क का सुधारीकरण एवं चौड़ीकरण।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, महापौर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी एवं हेमराज बिष्ट, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





