
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नहर पटरी रेलवे पुल के पास से पकड़ा
हरिद्वार। रुड़की कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को मोहनपुरा मोहम्मदपुर निवासी नितिन पाल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली रुड़की में मुकदमा अपराध संख्या 489/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर 25-26 अक्टूबर की रात नहर पटरी रेलवे पुल के पास से दो संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शाहनवाज पुत्र शमीम अहमद और दानिश पुत्र मुनीर अहमद, निवासी शिव मंदिर के पास, मोहनपुरा, कोतवाली रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नरेंद्र राठी, कांस्टेबल रंग मोहन और कांस्टेबल नीरज शामिल रहे।





