
प्राथमिक विद्यालय की मांग पर बोले—मुख्यमंत्री धामी से स्वीकृति के लिए भिजवाएंगे प्रस्ताव
हरिद्वार। बिशनपुर पुरानी कुंडी में रानीमाजरा मुख्य मार्ग से गांव तक इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनने वाली सड़क का बुधवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। साथ ही गांव में प्राथमिक विद्यालय बनवाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव में प्राथमिक विद्यालय नहीं होने से बच्चों को होने वाली परेशानियों से अवगत कराया। ग्रामीणों की मांग पर स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि शिक्षा विभाग के माध्यम से विद्यालय निर्माण का प्रस्ताव भिजवाकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इसकी स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जनहित के कार्यों से अधिक राजनीति करने और दूसरों के कार्यों का श्रेय लेने में रुचि है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुंवरपाल चेयरमैन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया संयोजक धर्मेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य सोहनवीर पाल, देशराम सैनी, जोगेंद्र, मगन प्रधान, पवन, शाहपुर ग्राम प्रधान दीपक सैनी, प्रधान चरण सिंह चौहान, ऋषिपाल कश्यप, रमेश प्रधान और आदेश चौहान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।





