
दूध, गजक, पेड़ा, पनीर और मावा समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों की जांच; रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर को सुधार नोटिस जारी
हरिद्वार। दीपावली पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में विशेष अभियान चलाया। 28 अक्टूबर को विभागीय टीमों ने भेड़पुर चौराहा, भगवानपुर, सिडकुल, नारसन और हरिद्वार नगर क्षेत्र में निरीक्षण कर कुल 13 खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने वाले वाहनों, दूध वाहनों और मिठाई विक्रेताओं की जांच की। इस दौरान खुले दूध के चार और गजक मिठाई के दो नमूने लिए गए।
निरीक्षण में भगवानपुर स्थित गजक निर्माता वैश्य एंटरप्राइजेज के इनवॉइस पर अनिवार्य एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर दर्ज नहीं मिला। गजक के पैकेट पर बैच नंबर और अन्य जरूरी लेबल संबंधी नियमों का पालन नहीं किए जाने पर कंपनी को नोटिस जारी किया गया। एक दूध वाहन संचालक द्वारा खाद्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने तथा दो वाहनों में तापमान नियंत्रित रखने की उचित व्यवस्था के बिना दूध बेचने पर भी नोटिस दिए गए।
रिलायंस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर में मिलीं अनियमितताएं
सिडकुल स्थित रिलायंस स्टोर्स के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के निरीक्षण में पेड़ा मिठाई के दो नमूने लिए गए। जांच के दौरान तापमान नियंत्रित रखने वाले चिलर पैड गंदे मिले और सामान के बॉक्स के ऊपर व अंदर धूल जमा पाई गई। सफाई में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक और अन्य रसायन, एक्सपायरी के करीब वाले उत्पादों तथा स्वीकृत उत्पादों के भंडारण क्षेत्र के बीच रखे मिले। सामान की आवाजाही करने वाले वाहनों की सफाई से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं था। इन कमियों के चलते सेंटर को सुधारात्मक कार्रवाई के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।
उधर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पुलिस के सहयोग से नारसन चेक पोस्ट पर बाहरी राज्यों से उत्तराखंड आने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान दूध, पनीर, मावा और मावा बर्फी समेत चार नमूने लिए गए। नगर निगम क्षेत्र में मिठाई विक्रेताओं और मिठाई निर्माण करने वाले कारखानों का भी निरीक्षण किया गया। मिठाइयों व बेकरी उत्पादों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने संबंधी नियमों की जांच की गई। एक मिठाई कारखाने से पेड़ा का एक नमूना भी लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के तहत कुल 13 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।





