बेचने की फिराक में था आरोपी, चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़ा
हरिद्वार। सिडकुल थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई है।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को गंगोत्री एनक्लेव, सिडकुल निवासी हाशिम ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने दवा चौक पर चेकिंग करते हुए बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, युवक ने पूछताछ में मोटरसाइकिल गंगोत्री एनक्लेव, महादेवपुरम क्षेत्र से चोरी करने और उसे बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। जांच में मोटरसाइकिल चोरी के दर्ज मुकदमे से संबंधित पाई गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमन (23) पुत्र संजय, निवासी ग्राम लमकोही रोड, थाना सेवरही, जिला कुशीनगर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रावली महदूद, सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।






