
प्रमेन्द्र नारायण
हरिद्वार। शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा और वरिष्ठ समाजसेवी किरण सिंह के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सुभाष नगर की तीन प्रमुख जनसमस्याओं को उठाया।
इस दौरान आवासीय क्षेत्र के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को हटाने, सीवर लाइन एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार और पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग की गई। साथ ही इन कार्यों को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर बजट और स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीनों समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि इन समस्याओं का समाधान क्षेत्रवासियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जीवन के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।





