
बहादराबाद, हरिद्वार। राजकमल साइंस एंड मैनेजमेंट कॉलेज, बहादराबाद में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सहयोग से “21वीं सदी में गांधी की प्रासंगिकता: इतिहास के पन्नों से निकलकर आज की सबसे बड़ी जरूरत” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ब्लॉक समन्वयक नीलम कंवर ने गांधीजी के मानवतावादी दृष्टिकोण पर प्रकाश डालते हुए सत्य, अहिंसा, समानता, भाईचारे और विविधता के सम्मान जैसे मूल्यों को वर्तमान समय में भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा सामाजिक समानता और प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम है।
फाउंडेशन की श्रीमती मोनिका ने छात्राओं के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से जरूरतमंद छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। सरकारी स्कूलों से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण पात्र छात्राएं इस योजना का लाभ उठा सकती हैं।
संगोष्ठी के दौरान गांधीजी के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और नैतिक मूल्यों पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने गांधी दर्शन और वर्तमान समाज में उसकी उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राघवेंद्र चौहान ने कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वावलंबन और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गांधीवादी मूल्य आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने छात्रवृत्ति योजना को छात्राओं की उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।
कार्यक्रम में कॉलेज सचिव राजेश देवी, प्रबंध समिति सदस्य दुष्यंत प्रताप और नितिन प्रताप सहित शिक्षक, स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





