
हरिद्वार। बहादराबाद में आयोजित 128वें श्रीरामलीला वार्षिकोत्सव के दौरान 9 अक्टूबर की रात पत्थरबाजी और हुड़दंग की घटना से हड़कंप मच गया। श्रीरामलीला कमेटी (रजि.) ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने और आगामी आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
कमेटी अध्यक्ष रविंद्र चौहान के अनुसार, रात करीब 11 बजे कुछ लोग रामलीला मंचन के दौरान शोर-शराबा करने लगे। समिति सदस्यों ने उन्हें समझाकर भेज दिया, लेकिन आरोप है कि कुछ देर बाद वे करीब 25 से 30 अन्य लोगों के साथ लौटे और गाली-गलौज करते हुए रामलीला बंद कराने की धमकी दी। इसके बाद मंच की ओर पत्थर फेंके गए, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
समिति अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पत्थरबाजी में मंच पर मौजूद कलाकारों और दर्शकों को चोटें आईं। घटना के चलते रामलीला मंचन भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने और उपद्रवियों को पकड़ने का प्रयास किया।
कमेटी ने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही 12 अक्टूबर को श्रीराम बारात तथा 19 और 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व के अवसर पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की अपील की है।
रविंद्र चौहान ने क्षेत्राधिकारी बहादराबाद और एसएसपी हरिद्वार से मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का अनुरोध किया, ताकि आगामी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।





