
हरिद्वार। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 187 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 7 वाहनों को सीज किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा के नेतृत्व में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा की टीम ने बीएचईएल, सिडकुल, बहादराबाद और रोड़ी बेलवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान तेज गति से वाहन चलाने पर 68 चालान किए गए, जबकि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और हेलमेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 70 चालान काटे गए। इसके अलावा बिना वैध परमिट वाहन संचालन, परमिट की शर्तों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग, अनधिकृत वाहन परिवर्तन, प्रदूषण मानकों की अनदेखी तथा फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और कर संबंधी अनियमितताओं पर भी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान बसों, मालवाहक वाहनों, टैक्सी, ऑटो और दोपहिया वाहनों की जांच की गई। निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने तथा मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने पर भी चालान किए गए।
प्रवर्तन अभियान में वरुणा सैनी, हरीश कुमार सती, मुकेश भारती, भारत भूषण, अश्वनी कुमार और रविंद्र पाल सैनी ने भी कार्रवाई की। परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज वैध रखने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।





