
भगवानपुर। मस्जिद कट हाईवे पर सड़क किनारे ई-रिक्शा और टेंपो खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ भगवानपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर नो-पार्किंग जोन में खड़े 21 ई-रिक्शा और टेंपो को सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मस्जिद कट हाईवे पर ई-रिक्शा और टेंपो चालकों द्वारा सड़क पर वाहन खड़े करने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हो रहा था। इतना ही नहीं, आम लोगों के साथ-साथ एम्बुलेंस को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने संबंधित क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात बाधित करने और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वाले 21 ई-रिक्शा और टेंपो को सीज किया गया।
पुलिस ने सभी ई-रिक्शा और टेंपो चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की हिदायत दी है। साथ ही चेतावनी दी कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन और आपातकालीन सेवाओं का आवागमन सुचारु बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।





