
पेशवाई मार्ग से लेकर रमता पंचों के विश्राम स्थल और छावनी तक की व्यवस्थाओं का अधिकारियों ने लिया जायजा
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ के दौरान अखाड़ों की पारंपरिक पेशवाई धार्मिक एवं सांस्कृतिक वैभव का प्रमुख आकर्षण होंगी। इन आयोजनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को मेला प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जूना अखाड़े के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
पांडेवाला स्थित गुघाल मंदिर परिसर में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अधिकारियों और अखाड़े के संतों ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद जूना अखाड़े की प्रस्तावित पेशवाई के मार्ग और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पांडेवाला मंदिर से अखाड़े की छावनी तक के पारंपरिक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, संकरे रास्तों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में श्यामपुर स्थित रमता पंचों के विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रस्थान और वहां से अखाड़े की छावनी तक पहुंचने की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। पेशवाई में शामिल होने वाले साधु-संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यातायात प्रबंधन, मार्ग सुधार, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर और अग्निशमन इंतजामों की समीक्षा की गई। इसके अलावा मार्ग में पेड़ों की लॉपिंग और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने जूना अखाड़े के अध्यक्ष प्रेमगिरि महाराज, उपाध्यक्ष महेश पुरी, सचिव शैलेन्द्र गिरि महाराज और महंत भास्कर पुरी से व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए। अखाड़े के पदाधिकारियों की ओर से रखे गए बिंदुओं पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की पेशवाई धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती हैं। इन आयोजनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराना मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ कुंभ उमेश मलिक, अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





