
भराड़ीसैंण। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण (गैरसैंण) से प्रदेशवासियों के लिए 13 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा कार्यकत्रियों और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि करने के साथ अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की। वहीं राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण हुआ है। उनके सपनों के अनुरूप सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
ये हैं मुख्यमंत्री की 13 प्रमुख घोषणाएं
* आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का मानदेय 1 दिसंबर 2026 से बढ़ेगा।
* आशा कार्यकत्रियों के मानदेय में 1 दिसंबर से वृद्धि होगी।
* भोजन माताओं का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा।
* लखपति दीदियों को व्यवसाय विस्तार के लिए दो किस्तों में प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
वन्यजीव हमले में घायल लोगों को प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे उपचार के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता दी जाएगी।
प्रत्येक जनपद के नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित होंगे।
अन्य माध्यमों से बिजली पाने वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद प्रक्रिया सरल होगी।
बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल को अधिक सरल और प्रभावी बनाया जाएगा।
छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंबित बिजली बिल भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज माफ होगा।
लोकसंस्कृति और लोकभाषा के संरक्षण के लिए स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी और स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान दिया जाएगा।
प्रदेश के अतिथि शिक्षकों के मानदेय में शीघ्र वृद्धि होगी।
राज्य आंदोलनकारियों की मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित होगी।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था 2.55 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। वहीं तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश के विकास और पर्यटन को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही कृषि, उद्यानिकी, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखण्ड का संकल्प प्रत्येक प्रदेशवासी का सामूहिक संकल्प है। सरकार रोजगार, जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं और प्रदेश की लोकसंस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।





