
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया नए ध्वज, प्रतीक चिह्न और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण, भ्रष्टाचार की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 1064 की नियमित समीक्षा के निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में उत्तराखण्ड पुलिस के नवीन गौरव चिह्नों का अनावरण किया। इस दौरान पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी को सार्वजनिक किया गया। मुख्यमंत्री ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की नई पहचान केवल वर्दी और प्रतीकों में बदलाव नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करने की पहल है। उन्होंने कहा कि पुलिस के नए प्रतीक गौरव के साथ जिम्मेदारी का भी एहसास कराते हैं। जनता का विश्वास तभी मजबूत होगा, जब पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखाई देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य सरकार की प्राथमिकता उत्तराखण्ड पुलिस को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित और अधिक सक्षम बनाना है। पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाने और शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराने की अपील की। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन 1064 की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर नियमित समीक्षा की जाए। शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालय पहुंचने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात संवेदनशीलता से सुनने और उनके कार्यों का समयबद्ध निस्तारण करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि आगामी 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखण्ड पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में प्रतिभाग करेंगे।
नए प्रतीक चिह्न में दिखेगी उत्तराखण्ड की पहचान
उत्तराखण्ड पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। नया पुलिस ध्वज गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें मध्य में पुलिस का नया प्रतीक चिह्न तथा लाल और स्वर्णिम किनारे दिए गए हैं। वर्दी पर इस्तेमाल होने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी नया स्वरूप दिया गया है।
पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश और विशेष अलंकरण शामिल किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड पुलिस के ध्वज का अनावरण इससे पहले 4 अप्रैल 2008 को हुआ था। बदलती चुनौतियों और पुलिस की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए नए गौरव चिह्न तैयार किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को इनके नए स्वरूप को अनुमोदन प्रदान किया था।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक पीवीके प्रसाद, अभिनव कुमार, डॉ. वी. मुरुगेशन, रिधिम अग्रवाल सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





