दो दिन में बूथों के सत्यापन की सूची सौंपने के निर्देश, लाइसेंसी शस्त्रों के सत्यापन और अवैध शराब पर कार्रवाई पर जोर
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को चुनाव से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में लाइसेंसी शस्त्रों का सत्यापन कराने और नियमानुसार शस्त्र जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दुकानदारों और बैंकों में तैनात सुरक्षा गार्डों के पास मौजूद शस्त्रों के संबंध में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित लाइसेंसधारकों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों और बूथों का सत्यापन कराने पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को बूथों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने को कहा। उन्होंने सत्यापन से संबंधित सूची दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकें।
निर्वाचन प्रक्रिया के प्रभावी संचालन के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) तथा जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती से संबंधित सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों और व्यवस्थाओं पर समन्वय स्थापित करने को कहा।
बैठक में चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमित जांच करने और अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और महत्वपूर्ण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, एसएलओ आकाश जोशी, जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिनजोला, सहायक निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।






