
हरिद्वार। आगामी त्योहारों के मद्देनजर हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपदभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही है।
त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
हरिद्वार पुलिस का उद्देश्य आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





