
विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद गंगनहर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर दो उपनिरीक्षकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर की गई कार्रवाई के तहत कोतवाली गंगनहर में मुकदमा अपराध संख्या 421/2026 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों उपनिरीक्षकों के विरुद्ध सामने आए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर एसपी देहात के नेतृत्व में कराई गई थी। विभागीय जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई।
हरिद्वार पुलिस ने भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। पुलिस का कहना है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और कानून से ऊपर कोई नहीं है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में उठाए गए कदम के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, जारी प्रेस विज्ञप्ति में दोनों उपनिरीक्षकों के नाम और उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है।





