
पीड़ितों से लूटी गई ज्वेलरी और दोनों मोबाइल फोन समेत शत-प्रतिशत माल बरामद, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी कब्जे में
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में दो युवकों से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी, दोनों मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।
पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर निवासी नीरज चौहान अपने दोस्त नवलदीप के साथ किसी काम से धनपुरा आए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर दो सोने की अंगूठियां, चांदी की चेन, कड़ा, लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
लूट की घटना के शीघ्र खुलासे के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर आरोपियों की तलाश की। 16 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद हुआ। दोनों पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान भी की।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने अरुण कुमार (24), रितिक (22), दोनों निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर और विशाल (19), निवासी शाहपुर, थाना पथरी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
यह सामान हुआ बरामद
* दो पीली धातु की अंगूठियां
* एक सफेद धातु की चेन, कड़ा और लॉकेट
* दो मोबाइल फोन और एक एटीएम कार्ड
* वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी पर पीड़ितों ने पुलिस का आभार जताया। कार्रवाई में थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार, चौकी प्रभारी फेरुपुर उपनिरीक्षक मोहन कठैत सहित पुलिस टीम शामिल रही।





