आशुतोष शर्मा बोले- अजीत डोभाल राष्ट्र की शान, उनका अपमान देश का अपमान

हरिद्वार। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की कथित अशोभनीय टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ज्वालापुर स्थित श्रीराम चौक पर प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर नारेबाजी की और टिप्पणी पर कड़ा विरोध जताया।

प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड के वीर सपूत हैं, जिन्होंने अपना जीवन राष्ट्र की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता के लिए समर्पित किया है। उनके साहस और राष्ट्रभक्ति से देश का मान बढ़ा है। डोभाल पर की गई टिप्पणी को उन्होंने देश के सम्मान से जोड़ते हुए कहा कि उनके योगदान पर प्रत्येक उत्तराखंडी और देशवासी को गर्व है।
शर्मा ने राहुल गांधी पर सेना के शौर्य और देश की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल देश की आन, बान और शान हैं तथा उनका अपमान करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को आहत करता है। भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र के सम्मान के लिए सड़क पर उतरकर विरोध जारी रखेंगे।
राज्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह मोगा ने कहा कि अजीत डोभाल देश की सुरक्षा और गौरव के प्रतीक हैं। उन्होंने राहुल गांधी से अपनी टिप्पणी के लिए देश से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन में जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, लव शर्मा, निपेन्द्र चौधरी, आशु चौधरी, अभिनव चौहान, धर्मेन्द्र चौहान, हरजीत सिंह, विक्रम भुल्लर, तरुण नैय्यर, तेलूराम प्रधान, जसबीर बसेड़ा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





