
हरिद्वार। पत्नी के नाराज होकर चले जाने से परेशान एक युवक शिवालिक नगर के एम-क्लस्टर क्षेत्र में मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवक को सकुशल नीचे उतार लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 12 अक्टूबर की है। युवक को नीचे उतारने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं था। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे और आखिरकार उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान विशाल (25) पुत्र रामेश्वर, निवासी ग्राम चकधीर, थाना बेरिया, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी नाराज होकर चली गई थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने युवक द्वारा अपनी जान जोखिम में डालने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। साथ ही भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की हिदायत दी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल अर्जुन सिंह और कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।





