
ऑपरेशन प्रहार के तहत झबरेड़ा पुलिस की कार्रवाई, पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा
झबरेड़ा। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल करने और उसका शारीरिक शोषण करने के आरोप में झबरेड़ा पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को झबरेड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने सचिन पुत्र राकेश निवासी ग्राम भगतोवाली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने नहाते समय उसका अश्लील वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। पीड़िता ने आरोपी पर कई बार शारीरिक संबंध बनाने का भी आरोप लगाया।
शिकायत के आधार पर थाना झबरेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 170/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रीति तोमर, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, कांस्टेबल मुकेश तोमर और महिला कांस्टेबल रीना शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





