
बहादराबाद में उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने रामायण के प्रसंगों से समझाई साइबर सुरक्षा की लक्ष्मण रेखा, ठगी होने पर 1930 पर कॉल करने की अपील
प्रमेन्द्र नारायण
बहादराबाद, 15 अक्टूबर। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए बहादराबाद पुलिस ने रामलीला के मंच को जागरूकता का माध्यम बनाया। स्थानीय रामलीला मंचन के दौरान उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज ने रामायण के प्रसंगों के जरिए दर्शकों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने साइबर अपराधियों को ‘डिजिटल रावण’ की संज्ञा देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर त्योहारी सीजन में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से यह पहल की गई। रामायण के अरण्य कांड में सीता हरण के प्रसंग का उदाहरण देते हुए हेमदत्त भारद्वाज ने बताया कि जिस प्रकार रावण ने साधु का वेश धारण कर छल किया था, उसी प्रकार साइबर ठग भी अलग-अलग पहचान अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। कभी खुद को बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी, सीबीआई अधिकारी या कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताकर तो कभी रिश्तेदार बनकर लोगों से ठगी की जाती है।

उन्होंने बताया कि फर्जी लॉटरी, केवाईसी अपडेट, नौकरी और लोन का लालच, एआई तकनीक से तैयार फर्जी वीडियो तथा अनजान लिंक साइबर ठगी के प्रमुख हथकंडे हैं। ठग लोगों को डराकर या लालच देकर उनकी मेहनत की कमाई हड़पने का प्रयास करते हैं।
साइबर सुरक्षा की लक्ष्मण रेखा न लांघें
उप निरीक्षक ने लोगों को सलाह दी कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी साझा न करें और अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया खातों के पासवर्ड मजबूत रखें तथा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करें। अनजान वीडियो कॉल से सतर्क रहें और एटीएम बूथ पर किसी अपरिचित व्यक्ति की मदद लेने से बचें।
उन्होंने कहा कि किसी रिश्तेदार के दुर्घटना में घायल होने या तत्काल पैसे मांगने जैसी सूचना मिलने पर बिना सत्यापन के रकम न भेजें। एआई के दौर में किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि करना बेहद जरूरी है। अनजान ऐप डाउनलोड करने और नौकरी, लॉटरी या फर्जी लोन के प्रलोभन में आने से भी बचना चाहिए।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
हेमदत्त भारद्वाज ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। जल्द शिकायत करने से ठगी गई रकम को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ सकती है।
रामलीला के मंच से दिए गए इस संदेश की समिति और उपस्थित दर्शकों ने सराहना की। धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश देकर पुलिस ने लोगों को डिजिटल ठगों से सावधान रहने के लिए प्रेरित किया।





