
सिडकुल और भेल क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग का संयुक्त चेकिंग अभियान
हरिद्वार। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सिडकुल और भेल क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में चलाए गए इस अभियान में स्कूली बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर, एआरटीओ (प्रशासन) निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा और परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी की मौजूदगी में कुल 35 स्कूली बसों एवं अन्य वाहनों की जांच की गई। इस दौरान यातायात एवं परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 वाहनों के चालान किए गए, जबकि वैध फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं होने के कारण दो बसों को सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा। सीज की गई बसों में सवार बच्चों को सुरक्षित तरीके से अन्य बसों में स्थानांतरित कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
अभियान के दौरान वाहन चालकों और स्कूल संचालकों को निर्देश दिए गए कि बच्चों के परिवहन में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें तथा वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





