
कीमती सामान वापस मिलने पर जर्मन नागरिक ने पुलिस टीम का जताया आभार
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक जर्मन नागरिक का खोया हुआ कीमती सामान सकुशल बरामद कर उसे वापस सौंप दिया। सामान में पासपोर्ट, कैमरा और 800 यूरो की नकदी शामिल थी। अपना सामान वापस मिलने पर जर्मन नागरिक ने हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार जर्मनी के फ्रैंकफर्ट निवासी वैलेंटाइन हावेका 25 अक्टूबर 2026 को भारत भ्रमण के लिए हरिद्वार आए थे। 30 अक्टूबर को भूपतवाला स्थित परमार्थ घाट पर गंगा किनारे साधना के दौरान उनका पासपोर्ट, कैमरा और 800 यूरो की नकदी गायब हो गई थी। उन्होंने इस संबंध में सप्तऋषि पुलिस चौकी में सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने तत्काल सामान की तलाश शुरू की। पुलिस टीम के प्रयासों से उनका पूरा सामान बरामद कर 14 नवंबर को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
अपना कीमती सामान वापस पाकर जर्मन नागरिक काफी खुश हुए। उन्होंने हरिद्वार पुलिस की तत्परता और सहयोग की प्रशंसा करते हुए पुलिस टीम का हार्दिक आभार जताया।





