
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विभिन्न विभागों में 1818 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इन पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अध्याचन भेजा गया है।
पुलिस विभाग में सबसे ज्यादा पद
प्रस्तावित भर्ती में उत्तराखंड पुलिस विभाग में आरक्षी के 1187 पद, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 पद, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 पद और प्लाटून कमांडर पीएसी, आईआरबी एवं एसडीआरएफ के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के 5 पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 पद, आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के 2 पदों पर भर्ती होगी। वहीं, वन विभाग में वन आरक्षी के 189 और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अब तक प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है। योग्य युवाओं को उनकी मेहनत और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
1818 पदों पर भर्ती के लिए अध्याचन भेजे जाने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को नए अवसर मिलने की उम्मीद है। हालांकि, आवेदन की तिथियों, पात्रता और परीक्षा कार्यक्रम के लिए आयोग की आधिकारिक विज्ञप्ति का इंतजार करना होगा।





