
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने कनखल क्षेत्र में फायरिंग और हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी को लेकर शुरू हुआ विवाद सतीघाट पर हिंसक हो गया था। आरोप है कि युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट करने के बाद उस पर तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया।
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात कनखल कोतवाली क्षेत्र के सतीघाट पर कुछ युवकों के बीच सोशल मीडिया पर कमेंट करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वादी के पुत्र के साथ मारपीट करते हुए उसकी हत्या करने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कनखल कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 414/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 28 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन राजपूत निवासी लोधामंडी, राजघाट, गौतम सिंह निवासी बैरागी कैंप और मनीष कुमार निवासी कमल बस्ती, बैरागी कैंप, कनखल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। घटना में शामिल फरार मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल सुनील कुमार।





