
हरिद्वार। कोतवाली झबरेड़ा में तैनात कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से हरिद्वार पुलिस परिवार में शोक की लहर है। मंगलवार को एसएसपी हरिद्वार सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत पुलिसकर्मी को शोक सलामी देकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जानकारी के अनुसार, 19 अक्टूबर को कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार कोतवाली झबरेड़ा से ड्यूटी के लिए चौकी इकबालपुर जा रहे थे। इसी दौरान सैदाबाद के पास वह सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए विनय विशाल चिकित्सालय, रुड़की ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
20 अक्टूबर को उनके परिजनों की उपस्थिति में एसएसपी हरिद्वार और अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे सम्मान के साथ शोक सलामी दी और पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
कांस्टेबल चालक प्रमोद कुमार वर्ष 1998 में पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के निवासी थे और वर्तमान में अपने परिवार के साथ कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटियां हैं।
प्रमोद कुमार के असामयिक निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्मठ साथी को खो दिया। हरिद्वार पुलिस ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा जताया।





