कनखल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को पकड़ा, चोरी की एलईडी बरामद

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में डिलीवरी के लिए छोटा हाथी वाहन में रखी सैमसंग एलईडी चोरी करने के मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एलईडी भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर 2026 को रुड़की क्षेत्र के सराय, ज्वालापुर निवासी रघुबीर पुत्र नंदलाल ने थाना कनखल में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि छोटा हाथी वाहन में डिलीवरी के लिए ले जाई जा रही एलईडी को पीठ पुलिया, जगजीतपुर के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 402/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसके बाद 20 अक्टूबर को पुलिस ने अजय बिटौलिया पुत्र हुकमचंद, निवासी पीठ बाजार, जगजीतपुर, कनखल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई एलईडी बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे: अपर उपनिरीक्षक ललित मोहन अधिकारी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल रणबीर सिंह।





