ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस की कार्रवाई, पांच हजार रुपये का इनामी आरोपी उत्तर प्रदेश से दबोचा

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए लकड़ी खरीदने-बेचने के सौदे में छह लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दो साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उत्तर प्रदेश के काशी क्षेत्र से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, पिरान कलियर निवासी अफजाल ने 26 सितंबर 2024 को लकड़ी बेचने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि लकड़ी के सौदे में उसके साथ छह लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। इस मामले में थाना पिरान कलियर में मुकदमा अपराध संख्या 410/2024 दर्ज किया गया था।
मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई प्रयास किए, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने उसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
एसएसपी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अमरजीत सिंह पुत्र स्वर्गीय विजेंद्र सिंह निवासी जीयनचक, थाना सैदपुर, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वृक्ष अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में कोतवाली कलियर प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, उपनिरीक्षक रामअवतार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, जमशेद अली, सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल और होमगार्ड अंकित शामिल रहे।





