
बहादराबाद। अरिहंत कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं को पल्स पोलियो अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित करते हुए कहा कि देश की युवा शक्ति हर परिस्थिति में राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव तैयार रहती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी विकसित भारत की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. आर.के. सिंह ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही सच्चे नागरिक की पहचान है। उन्होंने अरिहंत कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के प्रबंधन की सराहना करते हुए समाजहित में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।
संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान ने बताया कि कार्यक्रम “कल, आज और कल” थीम पर आयोजित किया गया। इस दौरान पल्स पोलियो जागरूकता, तंबाकू मुक्त भारत और स्वस्थ बचपन को लेकर संदेश दिए गए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रहित में संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) की ओर से विनोद कुमारी एवं तृषा आत्रेय ने छात्र-छात्राओं को कोटपा एक्ट (COTPA Act), तंबाकू के दुष्प्रभाव तथा मानसिक स्वास्थ्य पर विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर अरिहंत कॉलेज ऑफ़ नर्सिंग के चेयरमैन दीपक जैन, डायरेक्टर अजय कुमार, संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





