
प्रमेन्द्र नारायण (हरिद्वार)
शिवालिक नगर में नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा के संयोजन में भव्य होली मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भजन संध्या, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं फूलों की होली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री व प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा स्वामी यतीश्वरानंद, श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी हरी चेतनानंद तथा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात सभी ने फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया तथा सामूहिक आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम संयोजक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि होली भारतीय संस्कृति का ऐसा महान पर्व है, जो समाज को एकता, प्रेम और भाईचारे के सूत्र में बांधता है। यह केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि शिवालिक नगर में विकास कार्यों के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और परंपराओं के प्रति सम्मान बना रहे। नगर की प्रगति तभी संभव है जब सभी नागरिक मिलकर सहयोग की भावना से कार्य करें।
राजीव शर्मा ने आगे कहा कि उनका संकल्प है कि शिवालिक नगर को विकास, स्वच्छता, सुव्यवस्था और सांस्कृतिक समृद्धि के क्षेत्र में एक आदर्श नगर के रूप में स्थापित किया जाए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि होली का पर्व हमारे सनातन संस्कारों और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। यह हमें सिखाता है कि हम अपने जीवन से नकारात्मकता, वैमनस्य और भेदभाव को समाप्त कर प्रेम और सद्भाव का मार्ग अपनाएं।
श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर स्वामी हरी चेतनानंद जी महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव है। ऐसे आयोजन समाज को आध्यात्मिक रूप से सशक्त करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पर्व हमें संगठन, समाज और परिवार को एकजुट रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए विकास कार्यों को नई गति मिलने की बात कही।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री डॉ. जयपाल चौहान, ओमप्रकाश जमदग्नी, सुनील सैनी, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजयुमो विक्रम बुल्लर, पूर्व मेयर मनोज गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, पार्टी पदाधिकारी एवं हजारों की संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
पूरा वातावरण भक्ति, रंग और भाईचारे की भावना से सराबोर रहा। यह आयोजन शिवालिक नगर में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।


