
कनखल और ज्वालापुर में पहले भी झपटमारी, लूट व चोरी के मामलों में जा चुके हैं जेल
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत मोबाइल झपटमारी करने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से महिलाओं से छीने गए दो मोबाइल फोन और वेलकम फार्म जगजीतपुर से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपित पूर्व में भी कनखल और ज्वालापुर क्षेत्र में झपटमारी, लूट और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 नवंबर को मंगलमूर्ति कॉलोनी और जमालपुर क्षेत्र में बाइक सवार दो युवकों ने दो महिलाओं के मोबाइल फोन झपट लिए थे। मामले में शालिनी और रेनू की शिकायत पर कनखल कोतवाली में मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना पर 23 नवंबर को माया विहार आम के बाग के पास निर्माणाधीन सड़क के अंडरपास से दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और जांच में आरोपितों के पास से मिले वीवो वाई28ई 5जी और वीवो वाई19ई मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर पीड़ित महिलाओं के मोबाइल से मेल खा गए। वहीं, उनके कब्जे से मिली मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच करने पर उसके वेलकम फार्म से चोरी होने की पुष्टि हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सावेज पुत्र मर्तजिम निवासी गाड़ोवाली, पथरी और दानिश पुत्र कय्यूम निवासी कालीबस्ती गाड़ोवाली, पथरी के रूप में हुई है। पुलिस दोनों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक नवल किशोर गुप्ता, देवेंद्र सिंह पाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।





