
अमन कुमार पालीवाल को रानीपुर और मास्टर सुरेश पाल को हरिद्वार ग्रामीण से बनाया प्रत्याशी, सभी 11 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
हरिद्वार, 22 नवंबर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय राष्ट्रीय एकता दल ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को नवोदय नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर पब्लिक स्कूल में पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गोपाल सिंह विरमानी ने हरिद्वार जनपद की दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की। इसके तहत रानीपुर विधानसभा सीट से अमन कुमार पालीवाल और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से मास्टर सुरेश पाल को पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. गोपाल सिंह विरमानी ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि पार्टी हरिद्वार की सभी 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों ने भी संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान एडवोकेट घनश्याम कपिल (राष्ट्रीय महासचिव), अमन कुमार पालीवाल (प्रदेश प्रभारी उत्तराखंड), आदेश कुमार (प्रदेश उपाध्यक्ष), महावीर नौटियाल (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), मास्टर सुरेश पाल (जिलाध्यक्ष हरिद्वार), दीपा रानी (सोशल मीडिया प्रभारी), रुचिन कुमार (महासचिव रानीपुर विधानसभा) और अलका देवी (विधानसभा अध्यक्ष महिला मोर्चा) सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।





