उत्तराखंड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का केंद्र बनाना लक्ष्य: धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड को आध्यात्मिक शक्ति के साथ आर्थिक शक्ति का बड़ा केंद्र बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री होटल ताज मसूरी में ईईपीसी इंडिया की ओर से आयोजित 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनके माध्यम से 1.27 लाख से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। उत्तराखंड का निर्यात भी वर्ष 2017-18 के लगभग 10 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।
खुरपिया में एक हजार एकड़ भूमि पर 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने और करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्टरी विकसित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से वर्ष 2030 तक पांच लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य है। यह ब्रांड अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुका है। उन्होंने बताया कि एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में उत्तराखंड ने हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में देश में पहला स्थान हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम ऑल वेदर रोड जैसी परियोजनाओं से प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। इससे उद्योगों को माल परिवहन और निवेश के क्षेत्र में लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने उद्योग जगत से उत्तराखंड में निवेश करने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक बनकर नहीं, बल्कि सहयोगी और सारथी के रूप में काम करेगी। इस अवसर पर ईईपीसी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्ढा, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्यमी और निर्यातक मौजूद रहे।





