
हरिद्वार। गौकशी के मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने ग्राम सिकरोड़ा में दो वांछित आरोपियों के घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक मुनादी कराई और न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा आदेश चस्पा किए।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को पुलिस टीम ने ग्राम सिकरोड़ा पहुंचकर इंतजार पुत्र जमशेद और कस्सवर उर्फ तसव्वर पुत्र मकसूद के घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत जारी न्यायालय के उद्घोषणा आदेशों की तामील कराई। दोनों आरोपी गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 218/2026 में वांछित चल रहे हैं।
पुलिस ने सार्वजनिक मुनादी के माध्यम से आरोपियों को निर्धारित समयावधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की सूचना दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में न्यायालय में पेश नहीं होने पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और गंभीर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।





