
रुड़की। आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन में एक छात्र का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिलने से संस्थान में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली रुड़की पुलिस को गोविंद भवन में एक छात्र द्वारा फांसी लगाने की सूचना दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोविंद भवन की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर BS-10 का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे खुलवाया गया। इस कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
कमरे के अंदर छात्र चादर के सहारे पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान आयुष रजौरिया (20) पुत्र शैलेश रजौरिया, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने छात्र का परीक्षण किया और मृत्यु लगभग पांच से छह घंटे पूर्व होने की जानकारी दी।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए। पुलिस ने लैपटॉप का पासवर्ड के माध्यम से निरीक्षण भी किया।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





