
हरिद्वार। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस जिलेभर में देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता, समर्पण और कर्मनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक सूत्र में पिरोने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनके आदर्श आज भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के सिद्धांतों को अपनाकर ही सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी आशीष वर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वीरेंद्र राणा, प्रशासनिक अधिकारी रमेश चंद्र जोशी, नवीन मोहन भंडारी, प्रधान सहायक अंशुल चौहान, शशांक कश्यप सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





