
हरिद्वार। मंगलौर पुलिस ने साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। जांच में आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, प्रतिबिम्ब पोर्टल पर हॉटस्पॉट मूल बैंक खाते की जांच के दौरान पता चला कि खाता संख्या 57410110000747 के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज हैं। इसके बाद थाना मंगलौर में मुकदमा अपराध संख्या 391/2026, धारा 318(4) बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना में आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष का नाम सामने आया। जांच में पता चला कि आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के माध्यम से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में साइबर ठगी की गई। इन खातों में 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की रकम का लेनदेन सामने आया है।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी लोगों को फोन कर लॉटरी लगने और इनाम मिलने का झांसा देता था। इसके बाद ठगी से प्राप्त रकम को एटीएम के माध्यम से निकालकर अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर कर देता था।
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
बरामदगी:
6 बैंक पासबुक
6 एटीएम कार्ड
2 मोबाइल फोन
आरोपी: आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष।
पुलिस टीम: कोतवाली मंगलौर पुलिस।





