
बैरागी कैंप के पास बड़ा टापू के सामने हुआ हादसा, जल पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर दो युवकों को बचाया
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप में मंगलवार शाम गंगा के तेज बहाव में बोलेरो वाहन के साथ तीन लोग बह गए। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बोलेरो चालक अब भी लापता है। उसकी तलाश में अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम बैरागी कैंप में कुंभ मेले के कार्यों में लगे कर्मचारियों ने सूचना दी कि बड़ा टापू के सामने गंगा नदी में एक बोलेरो वाहन बह गया है। सूचना पर पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। संयुक्त टीम ने नदी में फंसे दो युवकों को बाहर निकाल लिया।
पूछताछ में पता चला कि बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38) निवासी गांव सिमलखेत, थाना चौखुटिया, जनपद चमोली, सवारियां लेकर सोनप्रयाग से हरिद्वार आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद चालक और उसके साथ मौजूद दो युवक वाहन धोने के लिए गंगा नदी में उतरे थे। इसी दौरान पानी का तेज बहाव होने से तीनों वाहन समेत बहने लगे।
रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान हिमांशु रावत (23), निवासी ग्राम आगर चट्टी, थाना गैरसैंण, जनपद चमोली और राकेश सिंह (28), निवासी जनपद चमोली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, लापता चालक पुष्कर सिंह की तलाश के लिए संयुक्त टीम लगातार प्रयास कर रही है। घटना की सूचना उसके परिजनों को भी दे दी गई है।





