देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में एक महिला अनुभाग अधिकारी से कथित अभद्रता, पीछा करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में महिला अधिकारी की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने उपनल कर्मचारी पंकज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर सचिवालय परिसर में भी हंगामा हुआ।
शिकायत के अनुसार, पंकज सिंह सहकारिता विभाग में सचिव कार्यालय से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि वह पिछले कई दिनों से उन्हें परेशान कर रहा था। पहले फेसबुक के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश की गई। इसके बाद मोबाइल फोन पर लगातार कॉल किए जाने का आरोप है। महिला अधिकारी ने आरोपी का नंबर ब्लॉक भी कर दिया था।
कार्यालय में अभद्रता और धमकी देने का आरोप
महिला अधिकारी की शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर को आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में उनके कार्यालय पहुंचा। वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने, गाली-गलौज करने और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। विरोध करने पर अन्य कर्मचारियों के साथ भी बदतमीजी किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
महिला अधिकारी ने यह भी आशंका जताई कि दोपहिया वाहन से सचिवालय आने-जाने के दौरान उनका पीछा किए जाने से उनकी सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
एटीएम चौक पर कर्मचारियों ने की पिटाई
मामले को लेकर बुधवार को सचिवालय के एटीएम चौक पर हंगामा हुआ। जानकारी के अनुसार, सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
महिला अधिकारी की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने पंकज सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78, 79, 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, सचिवालय प्रशासन की ओर से आरोपी को हटाने और उसकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।






