
हरिद्वार। भगवानपुर पुलिस ने आठ माह से लापता नाबालिग बालिका को राजस्थान से सकुशल बरामद कर लिया है। बालिका के अपहरण के मामले में नामजद आरोपी आदिश पुत्र आबिद को पुलिस ने भिवाड़ी के आजाद नगर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 28 फरवरी 2026 को बालिका के पिता की तहरीर पर भगवानपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत में ग्राम पुहाना निवासी आदिश पर नाबालिग को अपहरण कर ले जाने का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने बालिका की बरामदगी के निर्देश दिए थे। प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी स्थित आजाद नगर से गिरफ्तार किया गया। इसी दौरान नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील पंत, हेड कांस्टेबल अरविंद तोमर और महिला कांस्टेबल अनुपमा शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।





